कलेक्टर श्री सिंह ने ली समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक
छिन्दवाड़ा/ कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीएम कार्यालय, सीएम हाउस, विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं न्यायालयों से जुड़े लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। साथ ही विभिन्न समसामयिक एवं अंतर्विभागीय मुद्दों पर भी चर्चा की और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों पर लगातार कार्य करते हुए विभाग प्रमुख प्राथमिकता से उनका त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें, जिससे जिले की रैंकिंग में सुधार हो। उन्होंने स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य जैसे बड़े विभागों को निर्देशित किया कि वे समस्त शिकायतों को संतोषजनक रूप से बंद करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों की गुणवत्ता के साथ ही समाधान का स्थायित्व भी महत्वपूर्ण है।
अतिक्रमण की शिकायतों पर कार्रवाई न होने पर डिप्टी कमिश्नर का वेतन रोकने के दिए निर्देश- बैठक के दौरान पार्वती नगर एवं संस्कार कॉलोनी क्षेत्र में शासकीय नाले की भूमि पर अवैध रूप से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और बेसमेंट निर्माण किए जाने की शिकायतों पर कार्रवाई न होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
"स्टॉप डायरिया कैंप" सह दस्तक अभियान की तैयारी के दिए निर्देश- शासन के निर्देशानुसार 22 जुलाई से 16 सितंबर तक चलने वाले "स्टॉप डायरिया कैंप" सह दस्तक अभियान के सफल संचालन के लिये भी दिशा-निर्देश जारी किए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को बीएमओ के साथ बैठक आयोजित कर अभियान की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।
एक पेड़ मॉ के नाम अभियान में सभी विभाग करें अधिक से अधिक पौधारोपण- कलेक्टर श्री सिंह ने एक पेड़ मॉ के नाम अभियान को गति देने के लिए सभी विभागों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने के निर्देश दिए और कहा कि सभी अधिकारी स्वयं भी रोपण कर इसकी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
मोती पालन नवाचार के लिए कलेक्टर श्री सिंह को मत्स्य विभाग ने दिया धन्यवाद - ग्राम पालाचौरई (जून्नारदेव) में श्री स्व-सहायता समूह द्वारा तालाब में प्रारंभ किए गए मोती पालन नवाचार के लिए महिलाओं को 12 जुलाई को भोपाल में निषादराज सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सम्मानित किया गया था। इस पहल के मार्गदर्शक कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह को आज हुई बैठक में मत्स्य विभाग द्वारा विशेष रूप से धन्यवाद दिया गया।
समय सीमा की बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, प्रभारी एडीएम श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल कुमार पटेल व श्री रमेश कुमार मेहरा, उप संचालक सामाजिक न्याय श्री पी.राजौदिया सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में अन्य एसडीएम, तहसीलदार सहित सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी से जुड़े थे।


राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (03 मार्च 2026)
कोरिया के डकईपारा में बने “उजाला” से सजेगी हरित होली
छत्तीसगढ़ ज्ञान सभा विक्रम संवत 2082 में वन विभाग की सक्रिय भागीदारी
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से महिलाओं को मिली नई पहचान
ग्रामीण प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए दी जाएगी हर संभव मदद : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
बिहान से बदल रहा ग्रामीण परिवेश, पुष्पा बनी लखपति दीदी
कोटा परिक्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त में सागौन के लट्ठा जब्त
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मछुआ सहकारी समिति के सदस्यों को मिला आजीविका का सहारा