छिंदवाड़ा।
जिले की सायबर सेल एवं पुलिस कंट्रोल रूम की संयुक्त कार्यवाही में छिंदवाड़ा पुलिस ने रक्षाबंधन के पूर्व आमजन को बड़ी सौगात दी है।* गुमशुदा मोबाइल फोन की शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 251 मोबाइल फोन विभिन्न स्थानों से तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कुल बाजार कीमत ₹44.75 लाख बताई गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय के आदेश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आयुष गुप्ता के निर्देशन में पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी श्री डी.एस. शेन्डे एवं जिला सायबर सेल टीम द्वारा की गई। बरामद मोबाइलों को शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया।

चेहरों पर लौटी मुस्कान

मोबाइल फोन पाकर कई नागरिक भावुक हो उठे और पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। मोबाइल प्राप्त करने वालों में शासकीय सेवक, शिक्षक, अधिवक्ता, व्यापारी, छात्र, श्रमिक, किसान, वाहन चालक, गृहिणियाँ और अन्य नागरिक शामिल हैं।

पूर्व में भी सराहनीय कार्य

छिंदवाड़ा पुलिस पूर्व में भी गुम मोबाइल फोन की बरामदगी में सफल रही है। इस बार रक्षाबंधन के पावन अवसर से पूर्व इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल लौटाना निश्चित रूप से पुलिस-जन सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है।

सम्मानित होगी टीम

मोबाइलों की बरामदगी में सायबर सेल के आर. आदित्य रघुवंशी, नितिन सिंह, अभिषेक ठाकुर, राहुल डडोरे, अंकित शर्मा एवं मोहित चन्द्रवंशी ने सराहनीय कार्य किया। पुलिस अधीक्षक ने टीम को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।

पुलिस की नागरिकों से अपील

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन के गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना देर किए नजदीकी थाना या जिला सायबर सेल कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक तकनीकी कार्यवाही प्रारंभ की जा सके।