जून माह में सेवानिवृत्त 89 शासकीय सेवकों को कलेक्टर श्री सिंह ने सौंपे पेंशन प्राधिकार पत्र
छिन्दवाड़ा/ कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह द्वारा समय सीमा की बैठक में लगातार दिए जा रहे निर्देशों और समीक्षा का परिणाम है कि जिले में सेवानिवृत्त हो रहे शासकीय सेवकों को समय पर पेंशन प्राधिकार पत्र (पीपीओ) सम्मान पूर्वक वितरण का कार्य फरवरी माह से पुनः प्रारंभ हो चुका है। इसी क्रम में आज 14 जुलाई 2025 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में जुलाई माह 2025 में सेवानिवृत्त हुए विभिन्न विभागों के 89 शासकीय सेवकों को कलेक्टर श्री सिंह द्वारा सम्मानित किया गया तथा स्वयं अपने हाथों पीपीओ वितरित किए गए।
कलेक्टर श्री सिंह ने पेंशनर्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अतीत में पेंशन प्राप्त करने में जो कठिनाइयां आती थीं, उन्हें समाप्त करने की दिशा में यह पहल एक सकारात्मक प्रयास है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान लौटती देख उन्हें आत्मिक संतोष हो रहा है। उन्होंने जिला पेंशन कार्यालय, समस्त जिला अधिकारियों एवं विभागीय कर्मचारियों को इस उत्तम कार्य के लिए धन्यवाद दिया और पेंशनर्स से आग्रह किया कि वे समाज के हित में आगे भी अपना योगदान देते रहें।
समारोह में कुछ पेंशनर्स ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मात्र 14 दिनों के भीतर समस्त प्रक्रियाएं पूर्ण कर पीपीओ प्रदान किया जाना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने इस प्रयास के लिए कलेक्टर श्री सिंह सहित पेंशन अधिकारी एवं टीम को साधुवाद प्रेषित किया। अंत में जिला पेंशन अधिकारी श्रीमती हीरावती उइके ने सभी डी.डी.ओ. से अपेक्षा की कि वे पीपीओ के साथ-साथ अन्य समस्त अनुबंधित स्वत्वों का भी शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, प्रभारी अपर कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, श्रीमती नम्रता अहक (सहायक पेंशन अधिकारी), श्री रमेश पुषाम, श्री कृष्ण कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जिला पेंशन कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।


छोटे व्यवसाय हुए मजबूत: डिजिटल प्लेटफॉर्म से बढ़ी कमाई और पहुंच
पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ने की चेतावनी, संकट गहराया
राशिफल 02 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की दोहरी उपलब्धि
एपस्टीन के प्रोजेक्ट को लेकर नया विवाद, मिडल ईस्ट कनेक्शन सामने आया